-दुर्गा मंदिर काह के नगरोटा गुजरू में हिंदू सम्मेलन, बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोट। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों की मंगलमय यात्रा के उपलक्ष्य में रविवार को दुर्गा मंदिर काह के नगरोटा गुजरू में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया। इसका शुभारंभ गुरुकुल कटड़ा के नन्हे विद्यार्थियों के मंत्रों उच्चारण के साथ किया गया। सम्मेलन में हिंदू समाज को अपनी संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया गया।
दोपहर 12 बजे से शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक चले सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। नरेश उपमन्यु जी महाराज ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को एकजुट करते हैं और सनातन धर्म की रक्षा के संकल्प को मजबूत बनाते हैं। ऐसे आयोजनों में ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को शामिल होना चाहिए। संघ प्रचारक प्रदीप ने कहा कि प्रभु का वंदन करने और सनातन धर्म की रक्षा के लिए समाज का सामूहिक प्रयास ही बड़ी शक्ति का परिचायक है। उन्होंने सभी धर्मप्रेमियों, महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों से परिवार सहित ऐसे सम्मेलनों में शामिल होने की अपील की। सम्मेलन के बाद दुर्गा माता मंदिर में भंडारे लगाया गया जिसमें 500 से अधिक लोगों ने भोजन ग्रहण किया। कार्यक्रम में स्वामी योगानंद जी महाराज, यशगिरी जी महाराज, कुमारी पूजा, प्रांत संयोजक कुलदीप कुमार, जिला विकास परिषद सदस्य नगरोटा गुजरू नारायण दत्त त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।