लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर लाभ पहुंचाने के लिए बरनोटी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। त्रिडवां पंचायत के सरपंच जगदीश पुनिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व वनमंत्री राजीव जसरोटिया मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने लोगों को सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए आगे आने को कहा। उन्होंने पंचायत के करीब 200 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए।
पूर्व वनमंत्री ने कहा कि सरकार अगर हमारे लाभ के लिए किसी योजना को लाती है, तो हमें उसका लाभ लेने के लिए आगे आने की भी जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की गई थी। यह योजना जम्मू-कश्मीर में भी लागू है। प्रदेश में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से यहां के सभी लोगों को कवर किया जाना है।
उन्होंने कोरोना महामारी के इस दौर का अचूक हथियार वैक्सीन का जिक्र करते हुए कहा कि अभी भी देखा जा रहा है कि आसपास काफी संख्या में लोग वैक्सीन लगवाने से परहेज कर रहे हैं। हमें ऐसे लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। क्योंकि यही इस महामारी से लड़ने का आखिरी हथियार है।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को खुद का वैक्सीनेशन करवाने के साथ-साथ आम लोगों में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए कहा। इस मौके पर म्युनिसिपल कमेटी नगरी के चेयरमैन अनिल सिंह अंडोत्रा, पार्षद रविंद्र सिंह पठानिया के अलावा काफी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।