कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों से जिला के लोगों को बचाने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री व स्थानीय सांसद डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा भेजी गई बचाव सामग्री की पहली खेप कठुआ पहुंच गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री द्वारा मंगलवार को भेजे गए सामान से भरे ट्रक पर खुशी जाहिर करते हुए जिला विकास परिषद के उपाध्यक्ष रघुनंदन सिंह बबलू ने केंद्रीय राज्य मंत्री का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि जिला में लगातार बढ़ रहे संक्रमण को रोकने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री द्वारा जो सामान भेजा गया है, उसमें 100 बॉक्स सैनिटाइजर के साथ-साथ करीब 20 हजार मास्क भेजे गए हैं। जिसे अब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जिला के उन दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले हर गरीब परिवार को उपलब्ध कराएंगे। जो कि आर्थिक संकट के चलते इन्हें खरीद नहीं सकते थे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री द्वारा दिल्ली में होने के बावजूद कठुआ जिला के लोगों के लिए जो सहायता भेजी है। उसके लिए वह उनका आभार जताते हुए आश्वासन देते हैं कि कार्यकर्ता इन सामग्री के वितरण के दौरान जहां भी जाएंगे वहां अगर किसी को कोई अन्य समस्या भी होगी इसका समाधान करने के लिए प्रभावी कदम उठाएंगे। उन्होंने जिला के सभी समर्थ लोगों से इस महामारी के दौरान मानवता की सेवा के लिए आगे आने की अपील की।
भविष्य में भी जरूरत की चीजें उपलब्ध कराने का करेंगे प्रयास
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने कहा कि क्योंकि पहले कोरोना संक्रमण के चलते वह खुद अस्पताल में उपचाराधीन थे। जिसके चलते वह पहले लोगों के लिए राहत नहीं पहुंचा सके। अब उनके स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और वह लगातार अपने पूरे संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के संपर्क में है। जहां भी जो आवश्यकता हो रही है उसे पूरा कर रहे हैं। कठुआ जिला में कोरोना से बचाव के लिए जो भी सामग्री भेजी गई है। इसके अलावा भी अगर भविष्य में कोई जरूरत पड़ती है तो वह उसे भी उपलब्ध कराने की हर संभव चेष्टा करेंगे।