हीरानगर। बिजली बिलों में एकदम हुई बढ़ोतरी से परेशान लोगों का एक शिष्टमंडल हीरानगर डेमोक्रेटिक फोरम (एचडीएफ) के नेतृत्व में एसडीएम फुलेल सिंह से मिला, इसमें विभिन्न गांव की महिलाएं भी शामिल थीं। इस मौके पर उपस्थित एचडीएफ के अध्यक्ष धीरज गुप्ता ने एसडीएम को बताया कि विद्युत विभाग ने बिजली बिलों में एकदम से बढ़ोतरी करदी है, जिससे मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग के लोग चिंतित हैं। जिन लोगों का बिल पिछले महीने 300 से 400 के बीच आता था इस बार 7 से 9 हजार तक आया है। एकदम से 20 से 30 गुना की बढ़ोतरी ने लोगों की नींद हराम कर दी है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर वह विद्युत विभाग के अधिकारियों से भी मिले हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि बिलों को ठीक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग ने अपनी गलती नहीं सुधरी तो मजबूरन फोरम को इस मुद्दे को लेकर विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलना पड़ेगा। संवाद