बिलावर। उपमंडल में बुधवार शाम चार बजे मौसम का मिजाज बदल गया। अचानक बादल छा गए और कुछ ही देर में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। उपमंडल के दूरदराज के क्षेत्रों सहित अन्य कई इलाकों में बारिश ने तपती गर्मी से लोगों को राहत दी, और पारा 32 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।
इस इलाके में 15 दिन पहले बारिश हुई थी। जिसके बाद आए दिन तापमान बढ़ते-बढ़ते 40 डिग्री सेल्सियस को छू गया था। लेकिन, बारिश होने के बाद इलाके का तापमान घट गया। लगभग सवा चार बजे से शुरू हुई बारिश खबर लिखें जाने तक लगातार जारी रही। धान की पनीरी के लिए बारिश बहुत फायदेमंद है। किसान विद्यासागर ने बताया कि धान की रोपाई के लिए बहुत कम बारिश हुई है। किसान रोशन लाल ने कहा कि आने वाले दिनों में अगर बारिश होती रहती है, तो उसके बाद ही वह धान की रोपाई कर पाएंगे।