संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। मौसम में आए बदलाव के साथ जिला स्वास्थ्य विभाग की मच्छर जनित रोगों के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। रविवार को जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के वार्ड सात और कृष्णा कॉलाेनी में लोगों को बचाव के बारे में जानकारी दी।
डोर-टू-डोर चलाए जाने वाले इस अभियान के दौरान जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की फ्लांइग टीम ने लोगों के घरों के आसपास का निरीक्षण किया। इसके अलावा घरों में इस्तेमाल के लिए रखे जाने वाले पानी की भी जांच की। टीम के सदस्यों ने लोगों को अपने घरों में इस्तेमाल के लिए तीन दिन से ज्यादा का पानी न रखने के साथ हमेशा रखे गए पानी को ढककर रखने की सलाह दी। वहीं, इस दौरान 34 लाभार्थियों के आभा कार्ड भी बनाए गए।
अभियान के बारे में जिला स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया विंग के इंस्पेक्टर लोकेश राज ने बताया कि मौजूदा समय में अधिकतम तापमान 25 डिग्री के आकड़े को पार करने लगा है। ऐसे में एक बार फिर मच्छरों के प्रकोप के बढ़ने की संभावना है। ऐसे में मच्छर जनित रोगों के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष जिले में डेंगू के 748 मामले सामने आए थे। ऐसे में इसे रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
बचाव के लिए जारी किए गए निर्देश
- घर के अंदर और आसपास पानी जमा न होने दें।
- बर्तन में पानी इकट्ठा न होने दें।
- बर्तन को खाली कर रखें या उसे उलटा कर कर रखें।
- अगर आप किसी बर्तन, ड्रम या बाल्टी में पानी जमा करते हैं तो उसे ढक कर रखें।
- अगर किसी चीज में हमेशा पानी जमा कर रखते हैं तो पहले उसे साबुन और पानी से अच्छे से धो लेना चाहिए, जिससे मच्छर के अंडे को हटाया जा सके।
- घर में कीटनाशक का छिड़काव करें।
- कूलर का काम न हो तो उसमें मौजूद पानी को निकालकर सुखा दें। जरूरत अनुसार कूलर का पानी रोज नियमित बदलते रहें।
- किसी भी खुली जगह में जैसे गड्ढों, गमले में या कचरे में पानी जमा न होने दें।
- खिड़की और दरवाजे में जाली लगाकर रखें। शाम होने से पहले दरवाजे बंद कर दें। ऐसे कपड़े पहनें, जो पूरे शरीर को ढक सकें। रात को सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।
- अपने आसपास के लोगों को भी मच्छर को फैलने से रोकने के लिए प्रोत्साहित करें।