कठुआ। जीएमसी कठुआ में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए प्रबंधन ने कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए शनिवार को नौ जूनियर रेजीडेंट की भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई, जबकि इसी माह 20 में से 11 रिक्त पड़े अन्य पदों को भरने के लिए प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जीएमसी प्रिंसिपल डॉ. सुरिंदर कुमार अत्री ने बताया कि जीएमसी में जूनियर रेजीडेंट के 20 पद रिक्त पड़े थे, जिनकी भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि शनिवार को साक्षात्कार के बाद नौ डॉक्टरों को चयनित कर लिया गया। अन्य रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि उक्त डॉक्टरों को विभिन्न विभागों में तैनात किया जाएगा। ये डॉक्टर जीएमसी कॉलेज में विद्यार्थियों को पढ़ाने का काम भी करेंगे।
इन पदों पर अभी भी भारी कमी
अस्पताल एवं कॉलेज में महिला रोग, बाल रोग, एनेस्थीसिया, सर्जरी जैसे अहम विभागों में स्वीकृत प्रोफेसर के 23 में से 11 पद खाली हैं। इसके अलावा, एसोसिएट प्रोफेसर के 32 में से 11 पद रिक्त हैं। वहीं, असिस्टेंट प्रोफेसर के 48 में से 18, सीनियर रेजीडेंट के 51 में से 18 और दुर्घटना चिकित्सा अधिकारी के 12 में से 8 पद रिक्त हैं। प्रिंसिपल डॉ. सुरिंदर अत्री का कहना है कि जिन विभागों में डॉक्टरों या स्टाफ की कमी है, उसके लिए उच्चाधिकारियों को लिखित में जानकारी दी गई है। दुर्घटना चिकित्सा अधिकारी की भर्ती प्रक्रिया जारी है। अन्य विभागों में डॉक्टरों व स्टाफ की कमी जल्द दूर की जाएगी।