कठुआ। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) कठुआ रणजीत सिंह ने रविवार को सरकारी महात्मा गांधी बाल एवं मातृत्व अस्पताल कठुआ में बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान का शुभारंभ किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैणा ने बताया कि जिले की कुल आबादी 7.25 लाख में से 1 लाख 1 हजार 534 बच्चे 0-5 आयु के हैं। रविवार को जिले में 580 बूथ लगाए गए। जहां 89602 बच्चों ने पोलियोरोधी दवा पी। उन्होंने बताया कि पहले दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 87.64 फीसदी लक्ष्य पूरा कर लिया है। उन्होंने बताया कि बनी में बारिश के चलते कई रास्ते बंद हैं। उसके बावजूद वहां 77.27 फीसदी लक्ष्य पूरा किया गया। इसके अलावा, बसोहली में 92.57, बिलावर में 89.13, हीरानगर में 88.49, परोल में 86.59 फीसदी लक्ष्य पूरा किया गया है। डॉ. विजय रैणा ने बताया कि 4 और 5 मार्च को डोर-टू-डोर अभियान चलाकर 100 फीसदी लक्ष्य पूरा किया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि जिले में 5 ब्लॉकों में 89 एरिया को हाई रिस्क घोषित किया गया है। यह वे इलाके हैं, जहां मजदूर वर्ग के लोग रहते हैं। वहां पर 4 और 5 मार्च को टीमें जाएंगी और बच्चों को दवा पिलाएंगी। बताया कि कुल 2320 स्वास्थ्य कर्मी इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि 7427 पोलियो रोधी वैक्सीन कठुआ आ चुकी है। इसके वितरण के लिए 35 डिलवरी प्वाइंट्स बनाए गए हैं। विशेष रूप से चिन्हित उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में व्यापक कवरेज सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल टीमों, ट्रांजिट टीमों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तैनात किया गया है। इस मौके पर डीएचएस जम्मू डॉ. इला गुप्ता, डिप्टी सीएमओ डॉ. नीरज, डीआईओ डॉ. वासना, पैरामेडिक स्टाफ और बड़ी संख्या में लोग भी उपस्थित थे।