कठुआ। जिले में डेंगू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। वीरवार को छह नई मामले आए। इसके साथ-साथ अब चिकन गुनिया ने भी अपनी दस्तक दे दी है।
वीरवार को डेंगू के नए आए मरीजों में एक मरीज अमाला, एक औद्योगिक क्षेत्र, एक वार्ड-5, एक वार्ड-2 के अलावा हटली गांव में से दो रहे हैं। इसके साथ जिले में डेंगू अब तक पॉजिटिव पाए गए मरीजों का आंकड़ा 50 हो गया है। एक मामला नगरी में चिकन गुनिया का भी सामने आ गया है। लगातार मरीजों की बढ़ती संख्या जहां आम लोगों को डरा रही है, वहीं स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्कता बढ़ाने के लिए मजूबर कर रहा है। नए मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें हरकत ने में आ गई हैं। इस दौरान जिला मलेरिया अधिकारी सोहन लाल की निगरानी में मलेरिया विंग टीमों ने डेंगू ने पीड़ितों के घरों और आसपास के घरों में बुखार से पीड़ित मरीजों की जांच के लिए उनके खून के नमूने लेकर एंटी लारवा दवा स्प्रे किया। इसके साथ ही इलाके में डेंगू से बचाव के प्रति जागरूकता को लेकर भी अभियान चलाया गया।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि वीरवार को डेंगू के छह नए मामले सामने आए हैं, जबकि एक मरीज चिकन गुनिया से पीड़ित मिला है। इसके बाद प्रभावित क्षेत्रों में विभाग की टीमों ने जागरूकता का अभियान चलाया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में डेंगू और चिकन गुनिया के अभी तक पाए गए सभी मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में उपचार दिया जा रहा है। इनमें पांच मरीजों को अस्पताल में, जबकि शेष सभी को उनके घर पर ही सभी उपचार सुविधा दी गई है।