कठुआ। एचआईवी-एड्स के प्रति आम लोगों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से राजकीय डिग्री कॉलेज में रेड रिबन क्लब की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता और रैली का आयोजन कर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
सोमवार को आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में 15 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी कला के माध्यम से एचआईवी-एड्स के बारे में अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने वायरस की रोकथाम पर प्रकाश डाला। पोस्टर प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. आरके पंडित, डॉ. आरके मन्हास, प्रो. शिवानी कोटवाल और प्रो. यशपाल की ओर से किया गया। इसमें पांचवें सेमेस्टर की शिविका राजपूत ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि पांचवें सेमेस्टर के विशाल गुप्ता ने दूसरा और पांचवें सेमेस्टर की निकिता शर्मा ने तीसरे स्थान प्राप्त किया। वहीं, प्रतियोगिता के बाद विद्यार्थियों ने एचआईवी और एड्स के बारे में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक रैली का भी आयोजन किया। इसमें विद्यार्थियों के अलावा शिक्षकों ने बैनर और नारे लेकर शहर में मार्च निकाल कर एचआईवी से पीड़ित व्यक्तियों के लिए सुरक्षित व्यवहार, जांच और समर्थन की वकालत की। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. सीमा मीर के संरक्षण में आयोजित किया गया, जबकि कार्यक्रम का संचालित रेड रिबन क्लब के संयोजक डॉ. शिव कुमार द्वारा किया।
इस मौके पर प्रोफेसर राम कृष्ण, एनसीसी, एएनओ डॉ. दया राम, प्रो. राखी मल्होत्रा, डॉ. कमलजोत कौर एनएसएस पीओ डॉ. पिंकी आदि मौजूद रहे।