नगरोटा पंचायत में जुगाड़ से तैयार मशीन से स्प्रे करवाते पंचायत प्रतिनिधि।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। कोरोना महामारी से लड़ने के लिए सरकार व प्रशासन पुरजोर प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन मोहल्लों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों को सैनिटाइज कर रहा है। इसी कड़ी में अब पंचायत स्तर पर भी गांवों को सैनिटाइज करने के प्रयास किए जा रहे हैं। नगरोटा पंचायत के सदस्यों ने सरपंच की अगुवाई में देसी जुगाड़ से सैनिटाइजेशन मशीन बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों को सैनिटाइज करने का बीड़ा उठाया है। सरपंच विक्की शर्मा ने बताया कि प्रशासन के पास संसाधन सीमित हैं, ऐसे में हरेक क्षेत्र को सैनिटाइज करना प्रशासन के लिए संभव नहीं है। ऐसे में पंचायत ने अपने स्तर पर सैनिटाइजेशन मशीन बनाई है। उन्होंने बताया कि मशीन बनाने के लिए उन्होंने प्लास्टिक की टंकी पर मोटर फिट की है और उसमें स्प्रे पाइप फिट करके छिड़काव करने योग्य बनाया है। सैनिटाइज करने वाली दवाई उन्होंने नगर परिषद से खरीदी है। सरपंच ने बताया कि पहले दिन उन्होंने नगरोटा गांव के विभिन्न इलाकों में स्प्रे कर सेनिटाइज किया। बुद्धि गांव की मार्केट में स्प्रे किया। थोड़े से खर्च से गांवों को सैनिटाइज किया जा सकता है। सरपंच ने बताया कि अब अन्य गांवों के लोग भी उनसे संपर्क कर रहे हैं और अपने-अपने क्षेत्र में स्प्रे करने की अपील कर रहे हैं। विक्की शर्मा ने कहा कि वे सैनिटाइजेशन के लिए बाहरी गांवों में भी जाएंगे। बुुधवार को मीरपुर गांव में सैनिटाइजेशन ड्राइव चलाई जाएगी।