कठुआ। जिले में डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। विशेष रूप से शहर के वार्ड नंबर 11 में अब तक सामने आए कुल 21 में से 12 मामलों की पुष्टि इसी वार्ड से हो चुकी है, जिससे यह क्षेत्र डेंगू का हॉटस्पॉट बन गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने यहां विशेष अभियान चलाया है।
वीरवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने वार्ड 11 के सैकड़ों घरों में जाकर डेंगू की रोकथाम के लिए व्यापक जांच की। इस दौरान खुले बर्तन, फूलों के गमले, पुराने टायर, और कूलर जैसे संभावित स्थलों की गहन जांच की गई, जहां मच्छरों के लार्वा पनप सकते हैं। कई स्थानों पर मच्छर का लार्वा मिलने पर एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव भी किया गया।
चलाए गए अभियान में विशेष रूप से उपस्थित रहे जिला मलेरिया अधिकारी सोहन लाल ने स्वयं घर-घर जाकर लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिले में डेंगू की रोकथाम के लिए विभाग ने नियमित निगरानी, फॉगिंग, और जनसंपर्क अभियानों को तेज कर दिया है। जिसके तहत कठुआ शहर के वार्ड 10 और 11 के अलावा भागथली और बरनोटी में आज अभियान चलाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की कार्रवाई की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए घर के आसपास सफाई बनाए रखना, पानी जमा न होने देना, और पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनना अत्यंत आवश्यक है।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया विंग के वरिष्ठ स्वास्थ्य निरीक्षक लोकेश राज ने कहा कि डेंगू के मामलों में वृद्धि चिंताजनक है, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है। उन्होंने स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द या आंखों के पीछे दर्द जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
डेंगू का एक और मरीज मिला
उधर, जीएमसी कठुआ माइक्रोबायोलॉजी विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में डेंगू का एक और नया मामला सामने आया है। इसके साथ ही जिले में अब तक डेंगू के कुल पाजिटिव मामलों की संख्या 21 तक पहुंच गई है।
शहर से सटे खोख्याल गांव से सामने आए व्यक्ति जिसकी 37 वर्ष बताई गई है। विभाग के अनुसार वह पिछले 4 से 5 दिन से बुखार से पीड़ित थे। जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में डेंगू के अब तक पाॅजिटिव पाए गए मरीजों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। इनमें से 12 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। ऐसे में जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 9 है।