आईआरपी की ओर से भारत दर्शन के लिए छात्रों का दल रवाना किया गया संवाद
इंडियन रिजर्व पुलिस (आईआरपी) की 19वीं बटालियन कठुआ द्वारा भारत दर्शन यात्रा का शुभारंभ किया गया। सिविक एक्शन के तहत इस यात्रा को बटालियन मुख्यालय कठुआ से कमांडेंट अतुल शर्मा ने यूनिट के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस विशेष यात्रा में कठुआ जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों के कुल 34 छात्र शामिल हैं। यह छात्र अपने शिक्षकों और पुलिस अधिकारियों की देखरेख में दिल्ली, आगरा, मथुरा और वृंदावन का भ्रमण करेंगे। आईआरपी के अधिकारियों के अनुसार यात्रा 24 से 28 अक्टूबर 2025 तक आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य छात्रों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, एकता और विविधता से परिचित कराना है। ताकि उनमें राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रबल किया जा सके।
यात्रा की शुरूआत में प्रतिभागियों को टूर किट और रिफ्रेशमेंट भी वितरित किए गए। इस अवसर पर कमांडेंट अतुल शर्मा ने कहा कि सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत ऐसे प्रयास पुलिस और जनता के बीच संबंधों को मजबूत करते हैं। इसके साथ ही युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने छात्रों से इस अवसर का भरपूर लाभ उठाने और अपने शैक्षणिक कौशल को निखारने की अपील की।