कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज मढ़ीन में वीरवार को इको क्लब और पर्यावरण अध्ययन विभाग की ओर से ग्रीन एनर्जी के उपयोग पर प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न अभिनव मॉडल प्रस्तुत किए, जिससे पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सकता है। इसके साथ ही कॉलेज में नशामुक्त भारत अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रीन एनर्जी प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ अपने तैयार किए गए मॉडल प्रदर्शित किए। उन्होंने मॉडलों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान को व्यावहारिक रूप में समझने और वैज्ञानिक रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर दिया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य प्रो. अनुपमा गुप्ता ने प्रदर्शनी में भाग लेने वाले विद्यार्थियों से बातचीत की और उनके मॉडलों की कार्यप्रणाली व उपयोगिता से जुड़े सवाल पूछे। संवाद