पटेलनगर से जीएमसी कठुआ को जाने वाले मार्ग पर भरे पानी से गुजरते वाहन। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। निकासी का पर्याप्त प्रबंध न होने के कारण हल्की सी बारिश के बाद पटेल नगर से जीएमसी कठुआ को जाने वाले मार्ग पर जलभराव हो गया। जिसके कारण दिन भर वहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने जिला के महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान को जाने वाले मार्ग पर आने वाली समस्या का समाधान किए जाने की मांग की है।
वीरवार को अपनी पत्नी के उपचार के लिए जीएमसी कठुआ जा रहे पाल सिंह ने कहा कि शहर से जीएमसी कठुआ को जाने वाले इस सीधे और सुरक्षित मार्ग को यहां आने वाले ज्यादातर लोग प्रयोग करते हैं। लेकिन यहां हल्की सी बारिश के बाद जिस तरह से पानी भरा है। उससे अस्पताल में आने वाले लोगों का परेशान होना पड़ता है। साथ ही इस मार्ग पर कोई भी यात्री वाहन नहीं चलने से लोगों की समस्याएं और बढ़ जाती हैं। लोगों को जीएमसी आने के लिए नहर से अस्पताल तक पैदल आना पड़ता है। ऐसे में बीमार व्यक्ति को बहुत परेशानी होती है। वहीं पटेलनगर निवासी राजेंद्र कुमार का कहना है कि आज से करीब दो साल पहले इस मार्ग पर कोई परेशानी नही थी। लेकिन जीएमसी में नए ब्लॉक के निर्माण के दौरान निकाले गए मलबे को पानी के रास्ते में डाल दिया गया। इससे यहां जल भराव की समस्या हो गई। हल्की सी बारिश के बाद सड़क पर जिस तरह से पानी भरा है उससे साफ है कि अगर बारिश तेज हुई तो यहां पूरा तालाब बन जाएगा। जो कि कई दिनों तक लोगों के लिए परेशानी का कारण बना रहेगा।