कठुआ। ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार की ओर प्रेरित करने के जम्मू-कश्मीर खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर गांव खोख्याल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और जम्मू-कश्मीर ग्रामीण रोजगार सृजन कार्यक्रम के बारे में बेरोजगार युवाओं को जानकारी दी गई। जम्मू-कश्मीर खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर संचालित योजना के माध्यम से बेरोजगार युवाओं और कारीगरों को अपनी इकाइयां स्थापित करने के लिए मिलने वाली वित्तीय सहायता से रूबरू करवाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नगरी ब्लॉक से जिला विकास परिषद सदस्य संदीप मजोत्रा ने नवोदित उद्यमियों को स्वरोजगार उद्यम स्थापित कर सरकारी योजनाओं के जरिए प्रदान किए जा रहे अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
विज्ञापन
जम्मू-कश्मीर खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड के जिला अधिकारी सुरिंदर पॉल शर्मा ने प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने नवोदित उद्यमियों को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और जम्मू-कश्मीर ग्रामीण रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत वित्तीय सहायता के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया के साथ अन्य पहलुओं से प्रतिभागियों को अवगत करवाया। इस बीच, नए उद्यमियों को स्वीकृति पत्र और ई-रिक्शा की चाबियां भी वितरित की गईं, जिनके पक्ष में बैंकों की ओर से वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है।
इस मौके पर लीड बैंक के जिला प्रबंधक राहुल धर, नोडल अधिकारी जम्मू और कश्मीर उद्यमिता विकास संस्थान धीरज हांडू के अलावा जम्मू कश्मीर बैंक नगरी व चन्नग्रां शाखा के प्रबंधक, आर-एसईटीआई के प्रतिनिधि, क्षेत्र के पूर्व पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।