संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर में गणेश उत्सव अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है और शुक्रवार को विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश को भावभीनी विदाई दी जाएगी। शहर के गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल चौक की पार्किंग में स्थापित भव्य गणपति पंडाल में गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। विसर्जन से एक दिन पूर्व पंडाल में विशेष धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें भगवान गणेश के विभिन्न स्वरूपों और पौराणिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। इन मनमोहक झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा परिसर गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा।
पूजा समिति के आयोजकों ने बताया कि दस दिवसीय इस पावन पर्व का समापन शुक्रवार को भव्य विसर्जन यात्रा के साथ किया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार दोपहर ठीक साढ़े तीन बजे पंडाल से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और अबीर-गुलाल के साथ निकलने वाली यह विसर्जन यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों में शहीदी चौक और भगवान परशुराम चौक से होते हुए ड्रीमलैंड पार्क तक पहुंचेगी। रास्ते भर भक्तों द्वारा बप्पा के रथ पर पुष्प वर्षा की जाएगी और जगह-जगह प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा। शोभायात्रा के ड्रीमलैंड पार्क पहुंचने के बाद पास ही बहने वाली नहर में पूरे विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और महाआरती के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।