पुराने कन्या हायर सेकेंड्री स्कूल में चल रहा भव्य गणेश उत्सव संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर में श्री गणेश महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। विभिन्न क्षेत्रों में सजे पूजा पंडालों में रोजाना आयोजित हो रहे धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी कड़ी में पुराने कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में चल रहे भव्य गणेश उत्सव के दौरान रात को प्रस्तुत की गई देवी-देवताओं की सजीव झांकियों और मनमोहक रासलीला ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
गणेश महोत्सव चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत संध्या आरती और सुमधुर भजनों के साथ हुई। स्थानीय भजन मंडलियों ने गणपति बप्पा के भजनों की ऐसी श्रृंखला पेश की कि पूरा पंडाल गणपति बप्पा मोरया और जय श्री गणेश के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। रात करीब 9 बजे मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम रासलीला का मंचन शुरू हुआ।
परंपरा के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक श्री गणेश वंदना से किया गया। इसके बाद कलाकारों ने भगवान शंकर के तांडव स्वरूप, मां महाकाली के रौद्र व कल्याणकारी रूप सहित कई अन्य पौराणिक प्रसंगों पर आधारित भव्य झांकियां प्रस्तुत कीं। मंच पर कलाकारों की भाव-भंगिमा, वेशभूषा और जीवंत अभिनय को देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। धार्मिक उत्सव के इस अवसर पर शहर के कई प्रतिष्ठित निजी शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुख व प्रतिनिधि भी भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद लेने पंडाल पहुंचे। उन्होंने विघ्नहर्ता के चरणों में माथा टेककर क्षेत्र की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की।
गणेश महोत्सव चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने आए हुए सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया। ट्रस्ट के सदस्यों ने गणमान्य अतिथियों को स्मृति चिह्न और भगवान श्री गणेश की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। देर रात तक चले इस भक्तिमय आयोजन में बच्चों, युवाओं और महिलाओं सहित भारी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।