कठुआ में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की स्थापना करते आयोजक, संवाद।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। शहर में होने वाले श्री गणेश महोत्सव का आगाज हो गया है। हालांकि, कोरोना काल में हो रहे इस समारोह के लिए आयोजकों ने कोई भव्य आयोजन नहीं किया है। लेकिन, सभी धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए भगवान की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई।
10 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम के संबंध में श्री गणेश महोत्सव चैरिटेबल ट्रस्ट के महासचिव दिवाकर शर्मा ने बताया कि कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए शहर में हर बार होने वाले भव्य आयोजन को प्रशासन के निर्देशानुसार ही करने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान की स्थापना की गई, और श्रद्धालुओं ने हवन परंपरा का निर्वहन किया। 19 सितंबर तक इसी प्रकार प्रतिदिन सुबह हवन और शाम को आरती का आयोजन किया जाएगा।
दिवाकर शर्मा ने बताया कि इस दौरान कोरोना के निर्देशों का पालन करते हुए पंडाल में सामाजिक दूरी के नियम का विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही यहां आने वाले हर व्यक्ति को सैनिटाइज करने के उपरांत ही पंडाल में आने दिया जाएगा। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि पूरा आयोजन कोरोना संक्रमण का वाहक न बने। केवल आयोजन कमेटी के सदस्यों की उपस्थिति में 19 सितंबर को भगवान की पूजा अर्चना के बाद विसर्जन किया जाएगा।
इस मौके पर आरटीओ सुनील कुमार, उद्योगपति देवेंद्र वर्मा, भाजपा जिला प्रधान गोपाल महाजन, संकट मोचन शिव मंदिर के प्रधान ठंडू राम शर्मा, श्री गणेश महोत्सव चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान सुरेंद्र बजाज, कोषाध्यक्ष डॉ. कुलदीप महोत्रा, शिवसेना जिला प्रमुख नरेंद्र टांगरी भी मौजूद रहे।