बुधवार देर रात राजबाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत पड़ते गांव जसरोटा से एक ही परिवार के चार सदस्यों को अगवा करने का मामला प्रकाश में आया है। तेजधार हथियारों से लैस तीन नकाबपोशों ने अली मोहम्मद की पत्नी, बेटे और एक रिश्तेदार को अगवा किया। रिश्तेदार किसी तरह से नकाबपोशों के चंगुल से बच निकलने में कामयाब रहा।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद तीन टीमों का गठन कर पूरे इलाके को खंगाला, लेकिन कुछ भी हाथ नहीं लग पाया है। पुलिस द्वारा अली मोहम्मद के रिश्तेदार बिलावर निवासी निसार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अली मोहम्मद के पड़ोसी नवाबदीन ने बताया कि बुधवार रात तीन बजे के लगभग पड़ोसियों के घर में शोर-शराबा सुनकर उनकी पत्नी की नींद खुल गई। उनकी पत्नी ने तीन नकाबपोश लोगों को परिवार के सदस्यों को अगवा करते हुए देखा, जिसके बाद उसने नवाबदीन को सूचना दी।
नवाबदीन ने बताया कि तुरंत उसने घर से निकलकर पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक नकाबपोश लोगों को लेकर फरार हो चुके थे। अली मोहम्मद के घर पिछले दिन बिलावर से ठहरने पहुंचे रिश्तेदार निसार को भी नकाबपोश अगवा कर ले गए थे, जो थोड़ी देर बाद जैसे-तैसे जान बचाकर वापस लौट आया।
अली मोहम्मद के पड़ोसियों ने सुबह पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद राजबाग थाना प्रभारी अजय सिंह जंवाल मौके पर पहुंचे और तीन टीमों का गठन कर गहन तलाशी अभियान चलाया गया।
काफी जांच के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। अलबत्ता पड़ोसियों के बयान दर्ज करने के साथ पुलिस निसार को पूछताछ के लिए साथ ले गई। इस संदर्भ में पूछे जाने पर राजबाग थाना प्रभारी ने बताया कि अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल निसार से पूछताछ की जा रही है।