लगातार बारिश की वजह से खेतों में गली पड़ी गेहूं की फसल। संवाद
- फोटो : kathua
सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक जारी रहा बारिश का दौर
बिलावर। इलाके का मौसम हर दिन करवट बदल रहा है, पिछले चार दिनों से सुबह से लेकर दोपहर तक बारिश हो रही है और दोपहर बाद मौसम साफ हो जाता है। इसमें सबसे अधिक परेशानियां किसानों को उठानी पड़ रही है।
शनिवार की तरह रविवार को भी इलाके में लगातार चार घंटे बारिश जारी रहने से इलाके के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 28 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया। तपती गर्मी से तो लोगों को राहत मिली, लेकिन किसानों के लिए आए दिन बारिश होना परेशानी का सबब बना हुआ है। जिन किसानों ने फसल की कटाई की है उनकी फसल खराब होने की कगार पर है।
किसान प्रेम सिंह ,ओम प्रकाश, रामदास और नरेंद्र कुमार ने बताया के खेतों में कटी हुई फसल पूरी तरह से गीली हो गई है और गेहूं के दाने काले पड़ने लगे हैं। उन्होंने कहा कि खेतों में अधिक नमी होने की वजह से कटी हुई गेहूं की फसल के दाने अंकुरित होने लगे हैं, जिससे उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने कहा कि आए दिन बदल रहे मौसम के मिजाज के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है। उन्होंने बताया कि अगर आने वाले दो दिन तक इलाके का मौसम साफ नहीं हुआ तो मेहनत का उन्हें कोई फल नहीं मिल पाएगा।