किसान बोले - सूखने में अभी लगेंगे दो दिन
बिलावर। शनिवार सुबह 10 बजे के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया। दिन की शुरुआत तेज धूप खिलने के साथ हुई, लेकिन सुबह 10 बजे के बाद अचानक आसमान पर काली घटाएं छा गई और बारिश की शुरुआत हो गई, जो दोपहर 1 बजे तक जारी रही।
बारिश होने से तापमान में गिरावट आई, जिससे इलाके का मौसम सुहावना बन गया। किसानों की मानें तो वह मौजूदा समय में गेहूं की फसल को इकट्ठा करने का काम कर रहे थे जो बारिश की वजह से प्रभावित हो गया है। किसान प्रमोद कुमार, दिनेश सिंह, गुलशन और यशपाल ने बताया कि लगातार चार घंटे बारिश होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अब गेहूं की फसल गीली हो गई है, जिसे सूखने के लिए दो दिन लग जाएंगे। उन्होंने बताया कि मौसम साफ होने के बाद ही अब गेहूं की फसल इकट्ठी हो पाएगी।