पीटीएफ इंडिया ओपन अंतराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में दिखा जिले के मेधावियों का दमखम
खेलो इंडिया ताइक्वांडो सेंटर कठुआ ने अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में बिखेरी चमक
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। खेलो इंडिया ताइक्वांडो सेंटर कठुआ के खिलाड़ियों ने पहली पीटीएफ इंडिया ओपन अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता 30 मई से 2 जून तक शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्टेडियम, श्रीनगर में आयोजित की गई।
कठुआ के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में उत्कृष्ट कौशल, दृढ़ संकल्प और खेल भावना का परिचय देते हुए कुल 12 पदक हासिल किए। स्वर्ण पदक विजेताओं में अभय प्रताप सिंह (बालक वर्ग अंडर 25 किग्रा), तक्शित शर्मा (बालक वर्ग अंडर 18 किग्रा), आरव शर्मा (कैडेट वर्ग अंडर 33 किग्रा) और सौभाग्य ठाकुर (बालिका वर्ग अंडर 16 किग्रा) शामिल रहे। वहीं, रजत पदक रियांश गुप्ता, मृगेश स्पोलिया और आदित्य अंदोत्रा ने जीते। कांस्य पदक सहज प्रीत, रुद्रांश स्पोलिया, शंभवी जमवाल, अमूल्या शर्मा और यशस्वी पंगोत्रा ने अपने नाम किए। कोचिंग स्टाफ, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने सभी विजेताओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।