कठुआ। लंबे समय से शीतलनगर (भूंड) ब्लॉक विकास कार्यालय की अपनी इमारत का सपना अब जल्द साकार होने जा रहा है। बसोहली के विधायक ठाकुर दर्शन सिंह ने जिंदरैली में वीरवार को इमारत निर्माण के लिए शिलान्यास किया। लगभग 25 लाख की लागत से बनने वाले इस कार्यालय से क्षेत्र के विकास में जहां तेजी आएगी वहीं आमजन से जुड़े कामकाज सुगम होंगे।
इस माैके पर विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाएगा ताकि जनता को शीघ्र सुविधाएं मिल सकें।
विधायक ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता को मजबूत, पारदर्शी और सुगम प्रशासन उपलब्ध कराना है। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में अहम कदम बताते हुए कहा कि इस परियोजना से ग्रामीणों को प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा।