जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जा रही फुटबॉल प्रतियोगिता के मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर डीपीएस राजबाग और हीरानगर ने खिताब पर दावेदारी जमा दी है। शुक्रवार को दोनों टीमों ने मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
शनिवार को दोनों टीमें खिताब के लिए आमने सामने होंगीं। शुक्रवार को खेले गए पहले मुकाबले में हीरानगर ने कठुआ को 4-1 के बड़े अंतर से हरा दिया। हीरानगर फुटबॉल क्लब से सचिन खजूरिया ने चार शानदार गोल दागे जबकि कठुआ इलेवन की तरफ से नवीन सिंह ने एक गोल किया।
दूसरे सत्र के मैच में दिल्ली पब्लिक स्कूल राजबाग ने सीटीएम को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। डीपीएस राजबाग के लिए साहिल डोगरा और अतिन खजूरिया ने एक एक गोल किया। जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष शकील अहमद टोनी ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
चार टीमों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ है जिनमें से डीपीएस और हीरानगर ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है। फाइनल मुकाबला शनिवार बाद दोपहर तीन बजे खेला जाएगा जिसमें फुटबॉल एसोसिएशन के जम्मू अध्यक्ष सुरिंदर सिंह बंटी मुख्य अतिथि हाोंगे। शुक्रवार के मुकाबलों में कुलभूषण सिंह और हरविंदर सिंह ने रेफरी की भूमिका निभाई। एसोसिएशन के महासचिव अजय शर्मा और कोषाध्यक्ष मुख्तयार चंद भी मौजूद थे।