हीरानगर। उज्ज दरिया में बाढ़ की जद में आए खंदवाल और चक छिब्बा गांव के 10 परिवार को आशियाने छोड़ने पड़े हैं। ये लोग घरों के सामान के साथ सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए हैं। घरों को बाढ़ का खतरा बना हुआ है। इन लोगों को प्रशासन ने मंगलवार को टेंट, कंबल और अन्य जरूरी सामान मुहैया करवाया।
चक छिब्बा के सरपंच सतपाल भगत ने बताया कि सोमवार को दरिया में आई बाढ़ से कुछ घरों को खतरा होने पर यहां से सामान और लोगों को सुरक्षित निकाल लिया कर पंचायत घर में ठहराया गया है। कुछ लोगों का सामान गांव के अन्य घरों में रखवाया गया है।
अभी भी बाढ़ का खतरा टला नहीं है, क्योंकि दरिया का रुख पूरी तरह से गांव की ओर मुड़ चुका है। अभी तक तीन घर इस बाढ़ में बह चुके हैं, जिसके बाद से लोगों में डर बना है।
-----------------------------
नुकसान का किया जा रहा आकलन
तहसीलदार लेखराज ने बताया कि सोमवार को डीसी राहुल पांडे ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। जिन लोगों के घर बह गए हैं और जो बाढ़ के डर से घर छोड़ चुके हैं, उन्हें तुरंत सहायता पहुंचाने के आदेश के बाद रेडक्रॉस की तरफ से राहत सामग्री भेजी जा चुकी है। बाढ़ में फसल और भूमि का कितना नुकसान हुआ है इसकी रिपोर्ट बनाने का काम जारी है।