बिलावर के देवल में दंगल शुरू करवाते आयोजक। संवाद
- फोटो : kathua
देवल गांव में करवाया गया वार्षिक दंगल का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। देवल गांव में आयोजित वार्षिक दंगल में बिलावर उपमंडल के फिजा पहलवान ने डोडा जिले के आरिफ पहलवान को पटखनी देकर दंगल अपने नाम कर लिया। दंगल की शुरुआत राष्ट्र गान के साथ की गई।
दंगल में जम्मू-कश्मीर के अलावा हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के पहलवानों ने हिस्सा लिया। दंगल कमेटी की ओर से अलग-अलग भारवर्ग की लगभग 100 कुश्तियां करवाई गईं। बड़ी माली का मुकाबला रोमांचक रहा। आधे घंटे तक चले मुकाबले में फिजा पहलवान ने आरिफ को धोबी पछाड़ दांव लगाकर बड़ी माली अपने नाम कर ली।
इस मौके पर मुख्य अतिथि बिलावर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतीश शर्मा ने बड़ी माली के विजेता और उपविजेता पहलवानों को 51000 की नकद राशि इनाम के तौर पर दी। दंगल स्थल के पास मेले का आयोजन भी हुआ, जिसमें लगाए गए अलग-अलग प्रकार के स्टालों पर लोगों ने खूब खरीदारी की। इस मौके पर पूर्व सरपंच शमशेर सिंह, प्रभात सिंह, राजू सुमबडीया, त्रिलोचन सिंह मन्हास, राजेंद्र मगौत्रा, जगदेव सिंह और सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे।