-घाटी से सटी एलओसी पर बर्फ पिघलने के साथ सुरक्षाबलों की बढ़ सकती हैं चुनौतियां
श्रीनगर। कश्मीर घाटी से सटी लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) पर तैनात सुरक्षाबलों ने बीते सर्दियों के मौसम में कड़ाके की ठंड के बावजूद एलओसी पर कड़ा पहरा दिया। घुसपैठ की एक भी कोशिश सफल नहीं होने दी।
अब उत्तरी कश्मीर के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फ पिघलने के साथ वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों की चुनौतियां बढ़ सकती हैं। खूफिया एजेंसियों के इनपुट के अनुसार सीमा पार चार-पांच आतंकी लांचिंग पैड सक्रिय हो गए हैं। वहां मौजूद आतंकी मौका मिलते ही घुसपैठ की फिराक में हैं। इसलिए घुसपैठ के किसी भी प्रयास को विफल बनाने के लिए पारंपरिक घुसपैठ मार्गों पर चौकसी बढ़ा दी गई है। इसके अलावा अन्य ऐसे मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है जहां से घुसपैठ होने की संभावना है।
खुफिया एजेंसियों द्वारा सुरक्षाबलों को दिए गए इनपुट के अनुसार सीमा पार विभिन्न लांचिंग पैड पर करीब 200-250 आतंकवादी मौजूद हैं। वे कश्मीर घाटी में घुसपैठ करने के लिए मौके की तलाश में हैं।
सेना के एक अधिकारी ने कहा, उत्तरी कश्मीर से सटी एलओसी के इलाकों पर बर्फ पिघलने के बाद हमेशा यह आशंका रहती है कि सीमा पार बैठे आतंकवादी आका अपने आतंकवादियों को सीमा के इस पार धकेलने की कोशिश तेज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम समय-समय पर स्थिति पर निगरानी रख रहे हैं। संवाद