पीएचई विभाग को बिजली आपूर्ति करने वाली लाइन से कनेक्शन लेने वालों पर बिजली विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को विभाग ने पांच कनेक्शन काटे हैं। कई और कनेक्शन काटने की तैयार है। इसमें कई रसूखदार भी शामिल हैं।
दरअसल, पीएचई लाइन पर चौबीसों घंटे बिजली की आपूर्ति की जाती है। इसका फायदा उठाने के लिए ही कई रसूखदार इस लाइन से कनेक्शन ले लेते हैं। रविवार को पीएचई मंत्री के दो टूक निर्देश के बाद बिजली विभाग ने कार्रवाई का बिगुल फूंक दिया। स्पेशल लाइन पर बिजली का मजा ले रहे पांच उपभोक्ताओं के अवैध कनेक्शन काट दिए गए।
दरअसल, शहर और आसपास के क्षेत्रों में राजनीतिक रसूख रखने वाले कई माननीयों ने पीएचई विभाग की स्पेशल लाइन से अतिरिक्त लाइन लगाकर तकरीबन चौबीसों घंटे बिजली का मजा उठा रखा था।
गर्मियों के चलते पीएचई विभाग के ट्रांसफार्मरों पर जैसे ही अतिरिक्त लोड पड़ना शुरू हुआ तो पानी की सप्लाई भी प्रभावित होने लगी। इससे लोगों का रोष विभाग के सामने आ गया।
इसके बाद रविवार को जनता दरबार में भी पीएचई अधिकारियों ने वीआईपी कल्चर पर सवाल उठाते हुए बिजली विभाग को लिखित में कनेक्शन काटने की अपील की। इस पर मंत्री ने पीएचई लाइन से कनेक्शन हटाने के निर्देश जारी कर दिए। निर्देश मिलते ही बिजली विभाग ने ने सोमवार को कार्रवाई का सिलसिला शुरू कर दिया।
विभागीय सूत्रों के अनुसार हटली मोड़ स्थित एक कार शो रूम समेत शहर के शहीदी चौक पर वीआईपी रुतबा रखने वाले चार लोगों के कनेक्शन काटे गए हैं।
इस संबंध में विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप सेठ ने बताया कि कनेक्शन काटने की मुहिम के दौरान पीएचई लाइन पर शट डाउन लेना पड़ता है, जिससे पीएचई सप्लाई प्रभावित होती है। इसलिए पहले दिनविभाग मात्र पांच कनेक्शन ही काट पाया। विभाग ने दस ऐसे और कनेक्शन चिह्नित किए हैं, जिन पर आने वाले दिनों में कार्रवाई की जाएगी।