कठुआ। देश के कई राज्यों में ओमीक्रॉन कोरोना वायरस के बढ़ रहे मामलों के बीच कठुआ में भी खतरा बढ़ता जा रहा है। जिले के रामकोट इलाके में चार लोगों को एक ही इलाके से संक्रमित पाया गया है। इलाके को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए जहां प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं वहीं स्वास्थ्य विभाग संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान में भी जुट गया है। उधर, जिले में यात्रा इतिहास के साथ लौटे एक व्यक्ति को भी संक्रमित पाया गया है। पूर्व में संक्रमित पाए गए तीन लोगों को निगेटिव घोषित किए जाने के साथ ही सक्रिय संक्रमितों का आंकड़ा 11 हो गया है।
प्रशासन ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार को देखते हुए सख्ती को और भी बढ़ाने की तैयारी कर ली है। डीसी कठुआ राहुल यादव ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से पुलिस सहित प्रशासनिक अधिकारियों को कोरोना नियमों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि जिस तरह से मामले बढ़ रहे हैं ऐेसे में लोगों को भी सजग होने की जरूरत है। उधर, लखनपुर कॉरिडोर और पंजाब के साथ लगते लिंक मार्गों पर भी सख्ती बढ़ा दी गई है। यात्रियों की टीकाकरण रिपोर्ट जांचने के साथ ही अन्य लोगों को लखनपुर के रास्ते डायवर्ट किया जा रहा है।