कठुआ ट्रक ऑपरेटर यूनियन में प्रधान पद के लिए नामांकन जमा करवाता प्रत्याशी।
कठुआ। कठुआ ट्रक ऑपरेटर यूनियन में प्रधान पद के लिए शनिवार को नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो गई। गोविंदसर स्थित यूनियन के कार्यालय में प्रधान पद के लिए शनिवार को तीन प्रत्याशियों ने निर्वाचन अधिकारी हरपाल सिंह के समक्ष अपनी दावेदारी की है। इनमें सुशील शर्मा, गुरजीत सिंह और गुरदीप सिंह शामिल हैं। दो नामांकन शुक्रवार को भी होने के बाद प्रधान पद की दौड़ में पांच सदस्य शामिल हो गए हैं।
निर्वाचन अधिकारी हरपाल सिंह ने बताया कि दो दिन चली नामांकन की प्रक्रिया के बाद अब रविवार को सभी नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इस दौरान अगर कोई प्रत्याशी चाहे तो अपना नाम वापस भी ले सकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव समिति पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए काम कर रही है। वहीं, नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार का सिलसिला शुरू कर दिया है।