हटली मोड़ औद्योगिक क्षेत्र की पैकमैन इकाई में भड़की आग को बुझाने का काम चौबीस घंटे तक जारी रहा। इस अभियान में सांबा से दो, हीरानगर से एक, बाड़ी ब्राह्मणा से एक और कठुआ से तीन फायर टेंडरों की मदद ली गई है। रात भर चले अभियान को 30 से अधिक दमकल कर्मियों ने अंजाम दिया। बुधवार दोपहर तक आग को नियंत्रित कर लिया गया। लेकिन भीतर सुलग रही आग पर नजर रखने के लिए फायर टेंडर मौके पर हैं।
अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पैकेजिंग औद्योगिक इकाई के जिस हिस्से में आग लगी है, वहां पैकिंग रोल स्टॉक कर रखे गए थे। रात के समय आग को काबू करने के लिए जेसीबी की मदद से दीवार और छत गिरा दिए गए हैं। लेकिन लोहे के एंगल होने के चलते कर्मचारी भीतर नहीं जा पा रहे हैं।
बताया कि आग को फैलने से रोक दिया गया है। लेकिन स्थिति पर नजर रखने के लिए बुधवार शाम तक फायर टेंडर को मौके पर तैनात रखा गया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम पांच बजकर चालीस मिनट पर इकाई में आग भड़कने की जानकारी मिली थी और तब से अभियान जारी है। नुकसान का आकलन फिलहाल नहीं हो पाया है।