कठुआ। बढ़ते तापमान के साथ अब तक खेतों में लगने वाली आग अब जंगलों में भी पहुंचना शुरू हो गई है। शनिवार को जसरोटा स्थित काली माता मंदिर के पास जंगल में आग भड़क गई, जो देखते ही देखते संरक्षित वन क्षेत्र में फैल गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद वहां वन विभाग के कर्मचारी सहित दमकल कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। जिन्होंने घंटों की मशक्कत के बाद आग को काबू किया, लेकिन तब तक जंगल के बड़े क्षेत्र को नुकसान हो चुका था।
वनकर्मियों ने इसका कारण किसानों द्वारा खेतों में लगाई जा रही आग को बताया है। उन्होंने कहा कि आज की किसानों द्वारा खेत में लगाई जाने वाली आग ने जंगल का रुख कर लिया। फिलहाल तो काबू कर लिया गया है, लेकिन वन संपदा को नुकसान पहुंचा है।