हीरानगर। पशु तस्करों ने जांच के लिए गई पुलिस टीम पर प्लाई इलाके में पथराव कर दिया। हमले में थाना प्रभारी की गाड़ी के शीशे टूट गए और एक कांस्टेबल घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार पशु तस्करी की सूचना मिलने पर हीरानगर थाना प्रभारी अरुण कौल अपनी टीम के साथ रख सरकार प्लाई में पहुंचे। पुलिस टीम को देखकर कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर पथराव शुरू कर दिया। जिसमें पुलिस की गाड़ी का शीशा टूटा और कांस्टेबल मोहम्मद इलियास घायल हो गया।
पुलिस ने जब कार्रवाई तेज की तो पथराव करने वाले आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने इस इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान करीब 60 गोवंशों को विभिन्न जगहों से मुक्त कराया गया। पुलिस ने टीम पर पथरबाजी करने वालों की तलाश तेज कर दी है। बॉर्डर डीएसपी धीरज कटोच ने बताया कि कई इलाकों में छापेमारी की गई है। कुछ लोगों की हीरानगर थाना प्रभारी ने निशानदेही की है जिन्हें जल्द हिरासत में लिया जाएगा। पुलिस ने धारा 353, 332, 323, 427, 147, 148, 186 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।