कठुआ। शहर के मुखर्जी चौक में पार्किंग में खड़ी एक कार में अचानक आग भड़क उठी। शनिवार देर शाम को हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। हालांकि मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू कर लिया। कार को बुरी तरह से नुकसान पहुंचा है।
कार के मालिक भारत विकास ने बताया कि वह अपनी कार को मुखर्जी चौक से सटे रघुनाथ मंदिर की दीवार के पास खाली पड़े स्थान पर पार्क कर बाजार में किसी परिचित से मिलने गए थे। अभी वह कार को पार्क करके निकले ही थे कि कार में आग लगने की जानकारी मिली। जिसके बाद वह मौके पर ही पहुंचे तो देखा कि कार से आग की लपटें उठ रही थीं। तब तक लोगों की सूचना देने के बाद मौके पर दमकल कर्मी भी आ गए थे जिन्हाेंने आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझी कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से जल चुका था।
वहीं घटनास्थल पर मौजूद साहिल शर्मा ने बताया कि रात को करीब आठ बजे बाजार में दुकानें बंद हो चुकी थीं। जिस कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। लेकिन कार में जिस तरह से आग लगी हुई थी अगर हादसा दिन के समय हुआ होता तो आसपास पार्क होने वाले वाहन भी चपेट में आ सकते थे।