संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के कोर्ट रोड स्थित ट्रांसफार्मर के पास रविवार की दोपहर आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग दोपहर करीब 2:30 बजे भड़की, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बिजली विभाग के कर्मचारियों को दी।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और फायर एंड इमरजेंसी सर्विस को भी घटना की जानकारी दी। कर्मचारियों ने सबसे पहले एहतियात के तौर पर संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करवाई और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।
दमकलकर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही विभागीय कर्मचारियों ने आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया। आग लगने के कारण कोर्ट रोड क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।
उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर के आसपास काफी झाड़ियां उगी हुई हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आग मुख्य रूप से झाड़ियों में लगी हो और बाद में केबलों तक फैल गई हो। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रांसफार्मर से जुड़ी कई केबलें आग में जल गईं। इन्हें बदलने के बाद ही वास्तविक नुकसान का पता चल सकेगा।