बिलावर। उपमंडल के पहाड़ी इलाकों में गेहूं की फसल के काम को समेटने के बाद किसान अब खेतों की बिजाई करने में जुट गए हैं। किसान देश राज, प्रीतम चंद, अशोक कुमार और ओम प्रकाश ने बताया कि पिछले एक पखवाड़े में इलाके में बारिश होने की वजह से खेतों में पर्याप्त नमी है। किसानों ने बताया कि 90 प्रतिशत से अधिक इलाके में सिंचाई की व्यवस्था उपलब्ध नहीं है और ज्यादातर किसान केवल बारिश के पानी पर निर्भर रहकर ही फसलें उगाते हैं। किसानों ने बताया कि मौजूदा समय में वह मक्की की फसल लगा रहे हैं और एक सप्ताह के भीतर फसल को लगाने का काम पूरा कर लेंगे। किसानों ने सरकार से बिलावर उपमंडल के इलाकों में सिंचाई की व्यवस्था उपलब्ध करवाने के लिए योजनाएं बनाने की मांग की है। संवाद