किसान सभा की ओर से रविवार को एक बैठक का आयोजन किया गया। सभा के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट हरिचंद जलमेरिया ने बैठक की अध्यक्षता की। इसमें बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा न मिलने पर रोष जताया गया।
रविवार को हुई किसान सभा की बैठक में सर्व सम्मति से प्रस्ताव पास कर सरकार से बाढ़ पीडितों विशेषतौर पर किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की गई। जलमेरिया ने कहा कि पिछले दिनों हुई भारी बरसात से यहां कई लोगों के कच्चे मकान गिर गए और कई पशु बाढ़ में बह गए।
पहले बारिश न होने और बाद में भारी बरसात और आंधी से मकई और धान की फसल को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचा है। लिहाजा सरकार को अब बिना देर किए तमाम पीड़ितों को मुआवजा देना चाहिए।
सभा ने प्रस्ताव के माध्यम से सरकार से बिलावर को जल्द से जल्द जिले का दर्जा देने की भी मांग की। इस संबंध में बाद में एक ज्ञापन एसडीएम के माध्यम से सरकार को भेजा गया। इस अवसर पर राजकुमार, तारामनी, मनसाराम, दन्नाराम, तारा सिंह, भगतराम आदि उपस्थित रहे।