बिलावर। गेहूं की फसल के समय यूरिया खाद की अनुपलब्धता गंभीर समस्या बनी हुई है। किसान अब सड़क पर उतरने के लिए मजबूर हैं।
किसान सुभाष सिंह, अजय कुमार, मनोहर लाल और प्रवीण कुमार ने बताया कि कई दिन से यूरिया खाद के लिए भटक रहे हैं लेकिन मिल नहीं पा रही है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार किसानों की आमदनी दोगुना करने के बड़े दावे करती है। अगर जमीनी स्तर पर देखा जाए तो जरूरत के समय खाद नहीं मिल पा रही। वह पिछले कई दिन से खाद के लिए सरकारी दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं। बारिश के बाद अब गेहूं की फसल को खाद की सख्त जरूरत है। किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दो दिन के भीतर बाजारों में खाद उपलब्ध नहीं हुई तो वह सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने कृषि विभाग से मांग की है कि इलाके में यूरिया खाद उपलब्ध करवाने के लिए जल्द कदम उठाए जाएं। संवाद