- आतंकियों द्वारा मारे गए अमरजीत के परिवार का छलका दर्द,
- पूर्व सीएम से मुलाकात न होने पर रोते-बिखलते लौटे परिवार के सदस्य
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। दवा विक्रेता अमरजीत का परिवार न्याय को लेकर नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला से मिलने बरनोटी पहुंचा लेकिन मुलाकात न होने पर परिजन यहां से रोते बिलखते हुए लौट आए। परिवार ने कहा, हम नौकरी या पैसा नहीं मांग रहे हैं, हम इंसाफ की मांग कर रहे हैं।
सुबह से दोपहर तक इंतजार करने के बाद भी डॉ. अब्दुल्ला पीड़ित परिवार से नहीं मिले। अमरजीत के भाई का जहां दर्द छलका वहीं पत्नी भी अपने आंसू नहीं रोक पाई। हीरानगर के मेला गांव में आतंकियों द्वारा दवा विक्रेता अमरजीत की गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। आतंकी मददगारों को पकड़ने और न्याय के लिए उनका परिवार मामले की जांच एनआईए से करवाने की मांग कर रहा है। अमरजीत के भाई ने रोते हुए बताया कि कोई भी नेकां नेता सांत्वना तक देने उनके घर तक नहीं आया। लेकिन आज भी न्याय की आस में उनका परिवार पूर्व सीएम से मिलने बरनोटी में नेकां अधिवेशन में पहुंचा था। यहां भी उन्हें निराशा ही हाथ लगी है।
उन्होंने कहा कि पांच दिन में एसआईटी को जांच पूरी करनी थी लेकिन आठ महीने बीते गए हैं। ऐसे में एनआईए से मामले की जांच करवाई जानी चाहिए। आरोप लगाया कि इलाके में आतंकी मददगारों की मौजूदगी आज भी है जिन्हें पकड़े जाने और अमरजीत को न्याय दिलाने की जरूरत है।