- साढ़े तीन मीटर से साढ़े पांच मीटर तक चौड़ी की जाएगी सड़क
- 5.36 करोड़ की डीपीआर तैयार, मंजूरी मिलते ही शुरू होगा काम
अरुण खजूरिया।
हीरानगर।
हाईवे से कंडी क्षेत्र के गांव ठाकुरपुर को जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण का काम जल्द शुरू होने वाला है। इसके लिए 5.36 करोड़ की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा चुकी है, जिसे मंजूरी मिलते ही अगली प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
हाईवे से ठाकुरपुरा और देवस्थान बलाहड़ तक करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। वर्तमान में सड़क की चौड़ाई साढे तीन मीटर चौड़ी है जो चौड़ीकरण के बाद साढ़े पांच मीटर हो जाएगी।
करीब 50 वर्ष पहले बनी यह सड़क इस इलाके से जुड़ने वाले कई गांवों की लाइफ लाइन है। डवेन, चंदवा, रैन, बलाहड़, छन्न दित्याल, सपरैन, ठाकुरपुरा, सहसवां आदि करीब एक दर्जन गांवों को यह सड़क आपस में जोड़ती है और इसी से यह गांव हाईवे से भी जुड़तें हैं। यही कारण है कि इस सड़क पर दिन रात वाहनों की आवजाही रहती है जिससे सड़क की हालात पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। सड़क इतनी संकरी है कि एक साथ दो वाहनों का गुजरना बेहद मुश्किल होता है। इसलिए लोग लंबे समय से इसके चौड़ीकरण की मांग कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान भी लोगों ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। चौड़ीकरण कार्य के लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है जिससे बहुत जल्द लोगों की यह मांग पूरी होगी।
जसरोटा विधानसभा क्षेत्र से विधायक राजीव जसरोटिया ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान इस इलाके के लोगों ने सड़क के चौड़ीकरण की मांग की थी। उन्होंने खुद भी चुनाव प्रचार के दौरान सड़क की हालत देखी। जिसे देखकर जीतने के बाद इसे प्राथमिकता पर करने का वादा किया।
उन्होंने कहा कंडी क्षेत्र के कई गांव के लिए यह सड़क अहम है, इसलिए इस पर प्राथमिकता से काम किया जा रहा है। इसके चौड़ीकरण के लिए 5.36 करोड़ की डीपीआर तैयार हो चुकी है,मंजूरी भी जल्द मिल जाएगी। इसके बाद संबंधित विभाग की जो प्रक्रिया होगी वह पूरी होते ही जल्द काम शुरू होगा और जिस दिन काम शुरू होगा लोगों से किया वादा भी पूरा होगा।