कठुआ। पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर चर्चा करने के लिए जम्मू-कश्मीर एक्स सर्विस वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक मंगलवार को हुई। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने अखनूर में धमाके के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैन्य अधिकारी व एक अन्य जवान को श्रद्धांजलि दी।
देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले पूर्व सैनिकों को श्रद्धांजलि भेंट की।
जंगलोट मोड़ स्थित कार्यालय में कर्नल नसीब बसोत्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने अखनूर मे अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए जम्मू- कश्मीर में पाक प्रायोजित आतंकवाद पर कड़ा प्रहार करने की बात कही। कहा कि आतंकवाद से निपटने के लिए हमें विशेष कार्रवाई करने की जरूरत है। वहीं, इस दौरान पूर्व सैनिकों को ईसीएचएस जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की गई ताकि एसोसिएशन के माध्यम से इनका समाधान निकाला जा सके।
इस मौके पर सेवानिवृत्त कैप्टन प्रेम कुमार, कैप्टन सूरज, सूबेदार सुभाष शर्मा, हवलदार तारा चंद, कैप्टन नसीब सिंह, सूबेदार लाल चंद, कैप्टन जतिंदर सिंह आदि मौजूद रहे।