कठुआ। जिला सचिवालय दशकों से पार्किंग स्थल की समस्या से जूझ रहा है। अब इसके पास नई पार्किंग तैयार होने के बाद भी अवैध पार्किंग की जा रही है। वहां वाहनों का जमावड़ा नहीं हट सका है।
वाहनों से सड़क संकरी होने के कारण शहर के सबसे व्यस्त रहने वाले कॉलेज रोड पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। दोपहिया वाहन फुटपाथ पर खड़े किए जा रहे हैं। इसके बावजूद जिला प्रशासन या यातायात पुलिस वाहन चालकों पर कार्रवाई नहीं कर रही।
आलम यह है कि पार्किंग के लिए जगह होने के बावजूद डीसी कार्यालय के सामने कॉलेज रोड पर अवैध रूप से खड़े वाहन इस नई व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा रहे हैं।
करीब एक सप्ताह पूर्व उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के कठुआ आगमन से पूर्व सीएसआर के तहत होने वाले विकास कार्यों में जिला सचिवालय से सटी रावी तवी कॉम्पलेक्स की इस भूमि को रातो-रात पार्किंग का स्वरूप प्रदान किया गया था लेकिन वहां पार्किंग के नियमों को लागू करने की व्यवस्था नहीं हो सकी है।
नतीजा यह रहा कि करीब दो कनाल भूमि पर बनी इस पार्किंग का निर्माण होने के बाद भी जिला सचिवालय के सामने होने वाली अवैध पार्किंग की समस्या का समाधान होता नहीं दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले के इस सबसे प्रमुख स्थान पर आम जनता को पार्किंग की जरूरत तो है लेकिन नई पार्किंग को लोग सिर्फ जगह चिह्नित करना ही मान रहे हैं क्योंकि वहां पर वाहनों की सुरक्षा के लिए कोई प्रबंध नहीं किया गया है।
अगर लोग पार्किंग का उपयोग करते हैं तो उन्हें पैदल भी चलना पड़ता है। ऐसे में लोग कम से कम पैदल चलने वाले स्थान पर ही अपना वाहन खड़े कर रहे हैं।
-कोट-
जिला सचिवालय के आसपास के इलाके को नो-पार्किंग जोन घोषित नहीं किया गया है। इसके लिए प्रशासन से अभी कोई लिखित आदेश नहीं मिला है। ऐसे में यातायात पुलिस लोगों के साथ ज्यादा सख्ती करने की स्थिति में नहीं होती। अगर प्रशासन इस बारे में कोई आदेश जारी करेगा तो यातायात पुलिस सभी वाहनों को पार्किंग स्थल पर पहुंचाने के लिए जरूरी कार्रवाई करेगी। - कपिल मन्हास, डीटीआई, कठुआ।