कठुआ। नगर पालिका नगरी परोल के कार्यकारी अध्यक्ष से मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने नगर पालिका चेयरमैन के भतीजे के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि मारपीट का आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
नगरी परोल नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया कि वे अपने कार्यालय में बैठे हुए थे। इस दौरान चेयरमैन का भतीजा अर्पण वर्मा कार्यालय में आया और किसी फाइल पर साइन करने के लिए दबाव बनाने लगा। इस बीच उसने बदतमीजी करना शुरू कर दी और गाली गलौच करने लगा। अधिकारी ने बताया कि जब उसे गाली गलौच करने से मना किया गया तो उसने मारपीट शुरू कर दी। कार्यालय की कुर्सी पर बैठे ही उसने कालर पकड़ कर बाहर खींचना शुरू कर दिया। जब कार्यालय के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को पता चला तो उन्हें बीचबचाव करने उन्हें छुडवाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अर्पण वर्मा पहले भी उनके कार्यालय में आकर उनके साथ और अन्य अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार कर चुका है। उन्होंने कहा कि न तो वह नगर पालिका का पार्षद है और न ही कोई कर्मी है, मगर कार्यालय में आकर अधिकारियों को डरा धमका रहा है। अधिकारी ने कहा कि उन्होंने घटना के संबंध में नगरी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवा दी है। उधर, पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी अर्पण वर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है, लेकिन उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।