अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद के कर्मचारियों ने पुलिस टीम के साथ चलाया अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ एक बार फिर सख्ती शुरू हो गई है। एडीसी विश्वजीत सिंह की अगुवाई में टीम ने सड़क और फुटपाथ पर किए जाने वाले अतिक्रमण को हटवाया, जबकि कई दुकानदारों के सामान को जब्त कर लिया।
शनिवार दोपहर पुलिस दल-बल के साथ शहर में निकली टीम में शामिल नगर परिषद के कर्मचारियों ने जराई चौक से अभियान को शुरू किया। प्रशासन की कार्रवाई की सूचना मिलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन वह फुटपाथ पर लगाया गया सामान समेटने लगे, जबकि सड़क पर रेहड़ी लगाने वाले लोग वहां से भाग गए।
एडीसी ने ओल्ड बस स्टैंड में मिठाई की दुकान पर रेट लिस्ट न होने पर दुकानदार को फटकार लगाई। इस दौरान टीम ने शहीदी चौक कॉलेज रोड, ओल्ड सुपर बाजार, पुराने गर्ल्स हायर सेकेंडरी चौक और मुखर्जी चौक में कार्रवाई करते हुए सड़क और फुटपाथ पर लगे सामान को जब्त कर लिया। वहीं कई दुकानदारों को भारी जुर्माना भी किया।
नप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित शर्मा ने कहा कि उन्होंने गत 16 मई को बाजार का दौरा कर दुकानदारों को अतिक्रमण से बाज आने की नसीहत दी थी। मगर देखा जा रहा है कि वह अपनी हरकत से बाज नही आ रहे हैं। इस कारण प्रशासन को सख्त होने के लिए मजबूर होना पड़ा। कार्रवाई करने पहुंची टीम में तहसीलदार कठुआ विक्रम कुमार, डीएसपी हेडक्वार्टर रविंदर सिंह, कठुआ सिटी थाना प्रभारी संदीप चिब के अलावा नगर परिषद के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कोट
शहर में कोई कार्रवाई नहीं की है बल्कि यह सिर्फ दुकानदारों को जगाने का प्रयास है। उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि फुटपाथ लोगों के चलने के लिए है, न कि दुकानों को सजाने के लिए। इसके लिए आज फुटपाथ पर अतिक्रमण न करने के लिए दुकानदारों को चेतावनी दी है। यह कार्रवाई आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी।
विश्वजीत सिंह, एडीसी कठुआ