संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में डेंगू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार शाम तक 8 नए मामले मिलने से संख्या 417 पहुंच गई है। जिले में दो साल बाद फिर आंकड़ा 400 पार पहुंचा है।
डेंगू के मामले बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। 2023 में स्वास्थ्य विभाग की उम्मीद से कहीं ज्यादा डेंगू के मामले सामने आ गए हैं। जून में स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के लेकर जागरूक करना शुरू कर दिया था। अधिकारियों का कहना था कि इस बार बहुत पहले ही लोगों को जागरूक किया जा रहा है, जिससे इस बार डेंगू के मामले 100 से कम ही सामने आएंगे। लेकिन, इसके उलट रिकॉर्ड मामले सामने आ रहे हैं। सितंबर के आखिरी सप्ताह में विभाग ने जागरूकता अभियान को तेज कर इस पर अंकुश लगाने का हर संभव प्रयास किया। लेकिन, डेंगू थमने का नहीं ले रहा है।
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश मगोत्रा ने बताया कि डेंगू के 417 में से 337 मरीज औक चिकनगुनिया के 14 में से 5 ठीक हो चुके हैं। अन्यों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को सकता चक, पडियारी, किशनपुर कंडी, चक राम सिंह वाला, हीरानगर, हटली मोड़, तारानगर सहित अन्य कई इलाकों में भी जागरुकता अभियान चलाया गया। एंटी लारवा दवा का छिड़काव भी किया है।