लो पेड इंप्लाइज यूनियन के बैनर तले विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने शनिवार को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जम्मू में आयोजित होने वाली रैली में भाग लेने के लिए कठुआ से रवाना होने से पहले उन्होंने कर्मचारियों के प्रति सरकार के रवैये की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द उनकी मांगों को पूरा नही किया गया तो उन्हें उग्र प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
लो पेड इंप्लाइज फेडेरेशन के अध्यक्ष कावला सिंह ने प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए कहा कि पीएचई के साथ साथ बिजली विभाग के सैकड़ों दैनिक वेतन भोगी सरकार की अनदेखी का शिकार हैं।
एक ओर जहां उन्हें समय पर वेतन नही मिलता तो दूसरी और नियमित करने को लेकर भी सरकारों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। दर दर की ठोकरें खानें को मजबूर कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। पीसी शर्मा ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की दिक्कतों को समझना होगा ताकि उनके परिवार भी दो वक्त की रोटी समय पर खा सकें। उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट होने का आह्वान किया।