कठुआ। शहर के वार्ड आठ और नौ में पिछले 32 घंटे गुल बिजली के बहाल न होने पर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वीरवार को स्थानीय लोगों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि अधिकारी लोगों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। इसके कारण भीषण गर्मी के इस मौसम में लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ रहा है।
फुटओवरब्रिज के पास प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व कठुआ नगर परिषद के प्रधान नरेश शर्मा ने बताया कि बुधवार की सुबह दोनों ही वार्ड की बिजली गुल हुई थी, जो दिन भर इंतजार के बाद शाम करीब छह बजे बहाल हुई। अभी एक घंटा भी बिजली की सप्लाई नहीं हुई थी कि वार्ड की मुख्य केबल में आग लग गई और एक बार फिर बिजली चली गई। बार-बार शिकायत किए जाने के बाद भी कोई कर्मचारी उनकी लाइन को ठीक करते के लिए नहीं आया। भीषण गर्मी के इस मौसम में बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में लोगों को निर्बाध बिजली की सप्लाई देने का इंतजाम किए जाने चाहिए थे लेकिन शहर में बिजली विभाग का निजाम ही खराब हो चुका है। पहले ही शहर में लोगों को पानी नहीं मिल रहा है अब बिजली भी गुल हो गई है। जिससे साफ है कि अफसरशाही इतनी हावी हो चुकी है कि उसे लोगों के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर आज ही बिजली बहाली के लिए विभाग ने प्रभावी कदम नहीं उठाया तो वे दोनों ही वार्ड के लोगों के साथ सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर निखिल शर्मा, पारस सिंह, बिट्टू सिंह और मक्खन लाल आदि मौजूद रहे।