हीरानगर। जिला विकास परिषद चुनावों की घोषणा होते ही इसमें भाग्य आजमाने वाले दावेदारों ने वोटरों की नब्ज टटोलना शुरू कर दिया है। राजनीतिक दलों से जुड़े दावेदार फिलहाल टिकट हासिल करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। जबकि निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में उतरने वाले दावेदार वोटरों के बीच पहुंच चुके हैं। ज्यादातर दावेदार सोशल मीडिया के जरिये लोगों के बीच पैठ बनाने का प्रयास कर रहे हैं। बहुत से पंचायत प्रतिनिधि इस चुनावी दंगल के लिए लंगोट कस चुके हैं। वह इस उम्मीद से इन चुनावों में उतर रहे हैं कि पंचायतों में कराए विकास कार्यों के आधार पर वोटरों को रिझा सकें। हीरानगर उपमंडल के दो ब्लॉक मढ़ीन व हीरानगर में पांचवें व छठे चरण में मतदान होंगे। मढ़ीन को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि हीरानगर निर्वाचन क्षेत्र अनारक्षित है। संवाद