कठुआ। जिला प्रशासन की ओर से शहर के मुख्य चौक-चोराहों पर स्वचालित नंबर प्लेट पहचान (एएनपीआर) कैमरे लगाने की कवायद शुरू हो गई है। शनिवार को शहर के सबसे व्यस्त चौक भगवान श्री परशुराम चौक पर वाटर फ्रंट के साइन बोर्ड पर एएनपीआर कैमरा स्थापित कर दिया गया है।
जिला प्रशासन की अनुसार, आने वाले दिनों में इसी तरह के कैमरे शहर के अन्य चौक-चोराहों जिसमें कालीबड़ी, शहीदी चौक, मुखर्जी चौक, हटली मोड़ आदि पर लगाने की योजना है। इससे न केवल यातायात का उल्लंघन करने वाले वाहनों, बल्कि अपराध और वाहन चोरी करने वाले अपराधियों पर जिला प्रशासन की नजर रहेगी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, एएनपीआर कैमरों का कंट्रोल रूम जिला प्रशासन कार्यालय में स्थापित किया जाएगा। यह कैमरे वाहनों के लाइसेंस प्लेटों को कैप्चर करने में सक्षम होंगे। इनकी मदद से प्लेट के अक्षरों को डिजिटल टेक्स्ट में बदलने के लिए ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकॉग्निशन (ओसीआर) का उपयोग करता है। इसमें यातायात प्रबंधन, कानून प्रवर्तन, के अलावा प्रवेश नियंत्रण जैसे विभिन्न अनुप्रयोगों के लिए इसका डेटा इस्तेमाल किया जा सकता है।
उधर, शिव सेना डोगरा फ्रंट के जिला प्रधान नरेंद्र तांगड़ी ने कहा कि प्रशासन के पास शहर की टूटी हुई सड़कों की मरम्मत के लिए राशि नहीं है, लेकिन इस तरह से लोगों की जेब काटकर राजस्व वसूलने के लिए कैमरे लगाए जा रहे हैं। शहर को हाईटेक बनाने से पहले शहर की मूल जरूरतों को पूरा किया जाना ज्यादा जरूरी है।